मेरठः प्रियंका गांधी को शहर से बाहर रोकने का था पुलिस का प्लान

शादाब रिजवी, मेरठ
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मारे गए और घायल हुए लोगों के परिजन से मिलने पहुंची प्रियंका गांधी को पुलिस उनके घर नहीं जाने देना चाहती थी। इसके लिए शनिवार सुबह से ही अफसरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, बाद में प्रियंका शहर के बाहर निर्धारित स्थान पर पीड़ित परिजन से मिलीं।

गौरतलब है कि सीएए के खिलाफ 20 दिंसबर को हिंसक प्रदर्शन में मेरठ में 6 और मुजफ्फरनगर में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रियंका गांधी और राहुल गांधी उनके परिजनों से मिलने 24 दिसंबर को मेरठ आए थे। पुलिस ने उन्हें जिले की सीमा पर ही रोककर धारा 144 लागू होने और कानून-व्यवस्था खराब होने का हवाला देकर लौटा दिया था। प्रियंका गांधी ने तब आरोप लगाया था कि यूपी सरकार के इशारे पर पुलिस ने यह ऐक्शन लिया है। उन्होंने पीड़ितों के परिजन से फिर मिलने आने का भरोसा दिया था।

मुजफ्फरनगर में पीड़ितों से मिलीं
इसके बाद प्रियंका का 3 जनवरी (शुक्रवार) को फिर आने का प्रोग्राम बना था लेकिन अलर्ट के चलते यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। इसके बाद शनिवार को प्रियंका गांधी मुजफ्फरनगर पहुंचीं। हालांकि, वहां पुलिस ने उन्हें पीड़ितों के घर जाने से नहीं रोका। वहां मुलाकात के बाद वह मेरठ की ओर निकलीं तो पुलिस ने मुजफ्फरनगर-मेरठ की सीमा पर ही उनके काफिले को रोक दिया और जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला देकर नोटिस जारी कर दिया।

शहर से बाहर तय हुई मुलाकात की जगह
दौराला पुलिस ने इसका दावा किया और बताया कि प्रियंका गांधी को शहर के भीतर नहीं जाने देने की हिदायत दी गई है। हालांकि, इससे पहले प्रियंका गांधी की पीड़ित परिजन से मुलाकात के लिए शहर के भीतर ही एक स्थान तय किया गया था लेकिन बाद में अचानक मुजफ्फरगनर-दिल्ली बाईपास पर मेरठ के बाहर साईंधाम कॉलोनी में सभी को शिफ्ट कर दिया गया। प्रियंका गांधी यहीं पीड़ित परिजन से मिलीं।

बताया जा रहा है कि पुलिस के कानून-व्यवस्था खराब होने की आशंका जताने के बाद प्रियंका के इशारे पर सारा प्लान चेंज किया गया था। हालांकि, मेरठ में जब प्रियंका गांधी से पूछा गया कि क्या उनको पुलिस ने रोकने की कोशिश की और नोटिस दिया था, तब उन्होंने इससे इनकार किया।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *