‘सीएए’ को लेकर पीएफआई ने देश में दंगे फैलाने की साजिश रची : उपमुख्यमंत्री शर्मा

आगरा, पांच जनवरी (भाषा) उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने रविवार को कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर पीएफआई के लोगों ने देश में दंगे फैलाने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि आरोपी लोगों की पहचान हो गयी है। इनमें सिमी के लोग भी शामिल हैं। अब इनकी सम्पत्ति जब्त करने की बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही है। उन्होंने कहा कि मामले में विपक्ष ने अपनी भूमिका सही तरीके से नहीं निभाई है। महात्मा गांधी ने भी पाकिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को भारत में बसाने की वकालत की थी। यही काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने ननकाना साहिब प्रकरण पर कहा कि इस घटना से पाकिस्तान का चरित्र उजागर हुआ है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक महफूज नहीं हैं। इसी कारण सरकार नागरिकता संशोधन कानून लेकर आई है। उपमुख्यमंत्री रविवार को संस्कार वाटिका, वेस्ट अर्जुननगर में नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में एक गोष्ठी में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को इस कानून के बारे में जागरूक करें।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *