'इंदौर में आग लगा देता' बयान के बाद कांग्रेस ने बंटवा दीं- कैलाश छाप माचिस

भोपाल
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के महासचिव इंदौर में आग लगा देने वाले बयान की वजह से फंसते नजर आ रहे हैं। जहां इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, वहीं कैलाश के बयान पर लगातार जवाबी हमला कर रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई के नेताओं ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान के बाद लोगों को खास माचिस वितरित कीं। ये माचिस कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी की ओर से लोगों को बांटी गई हैं। माचिस के कवर में लिखा हुआ है- कैलाश छाप माचिस। शहर में आग लगाने के उपयोग में आती हैं।

विवेक खंडेलवाल से
एनबीटी ऑनलाइन ने बात की। उन्होंने कहा, ‘मध्य प्रदेश में कमलनाथ द्वारा भूमाफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेता हों या कांग्रेस, जो भी भूमाफिया जैसा काम कर रहे हैं उन पर ऐक्शन लिया जा रहा है। कैलाश विजयवर्गीय अपने खास गुर्गों को इस कार्रवाई में बचा नहीं पा रहे हैं। इसकी वजह से विजयवर्गीय बौखला गए हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने बयान दिया कि संघ के पदाधिकारी न होते तो इंदौर को आग लगा देते। इंदौर शहर की वजह से कैलाश विजयवर्गीय राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़े हैं। ऐसे में इस तरह का बयान बहुत अशोभनीय था। इस बात से नाराजगी के चलते हमने ये माचिस बनवाईं और लोगों को वितरित कीं।’

दिग्विजय सिंह ने भी साधा निशाना
उधर, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए विजयवर्गीय पर निशाना साधा है। दिग्विजय ने ट्विटर पर लिखा, ‘कैलाश विजयवर्गीय जी ने जो कुछ कहा है उनकी गलती नहीं है। वह एक अच्छे योग्य संघ द्वारा संस्कारित राजनेता है और जो भाषा संघ ने सिखाई उसका वह उपयोग करते हैं। समाज में, मोहल्लों में, शहर में आग लगाते-लगाते देश में लगा दी है क्योंकि यही संस्कार संघ ने इन्हें दिए हैं। जय हो।’

पढ़ें:

कांग्रेस ने लिखा था पत्र
कैलाश विजयवर्गीय के बयान के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से प्रदेश के डीजीपी को पत्र भी लिखा गया था। पत्र में कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई थी। पत्र में लिखा गया था, ‘विजयवर्गीय रानजीतिक रूप से इंदौर में आपराधिक प्रवृत्ति के असामाजिक तत्वों एवं माफियाओं को संरक्षण देने के लिए पहचाने जाते हैं और माफियाओं के विरुद्ध शासन द्वारा की जा रही नियमानुसार कार्रवाई को रोकने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।’

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *