सीएए विरोधः बवालियों की धरपकड़ के लिए दबिश तेज, दिल्ली से दो युवक गिरफ्तार

शादाब रिज़वी, मेरठ
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के दौरान आगजनी तोड़फोड़ और फायरिंग करने के आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मद्देनजर मेरठ में रात भर दबिश दी गई और बिजनौर में संपत्ति-क्षति की वसूली के लिए नोटिस जारी किए गए। इस बीच मेरठ के मूल निवासी और दिल्ली में रहने वाले दो युवकों को एटीएस मेरठ उठा ले गई। उनके हिंसा में शामिल होने की जानकारी मिल रही है।

मेरठ में सीसीटीवी और फोटो के जरिए काफी बवाली चिह्नित किए गए थे। उनकी फोटो भी सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए गए थे। हिंसा कैसे फैलाई गई और पुलिस ने कैसे काबू में किया इसकी डॉक्यूमेंट्री भी पुलिस ने जारी की है। पुलिस अब बवालियों की गिरफ्तारी पर दबिश अभियान छेड़े हुए है। रविवार की रात में मेरठ के लिसाड़ी गेट, ब्रह्मपुरी, नौचंदी इलाके में पुलिस ने कई संदिग्धों के यहां दबिश दी है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर बवालियों के बारे में पूछताछ भी की।

बिजनौर में नोटिस जारी
बिजनौर में उपद्रव में सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाले नौ उपद्रवियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन उपद्रवियों से सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान के 2 लाख बीस हजार रुपये वसूले जाएंगे। पुलिस ने 250 उपद्रवियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। 50 उपद्रवियों को नामजद किया था। वहीं 36 को गिरफ्तार किया था। जिनको नोटिस जारी हुए हैं उनमें नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन जावेद आफताब भी शामिल बताए गए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व की तरफ से नोटिस जरी किए गए हैं।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *