
एक संवाददाता, बुलंदशहर
रांची की रहने वाली जिस लड़की को बेचने के लिए लाया गया था, उसकी पुलिस ने मेडिकल जांच कराई है। किशोरी के परिवार के लोग पुलिस की तरफ से सूचना दिए जाने के बाद भी उसे लेने नहीं आए हैं। किशोरी ने बताया कि उसकी मौसी कलावती नया साल मनाने की बात कहकर उसे उसकी बहन के यहां लेकर आई थी। इसके बाद वह उसे शादी कराने की बात कहकर बुलंदशहर ले आई। जब उसकी बोली लगने लगी तो उसने समझा की बुलंदशहर में शादी शायद इन्हीं रीति रिवाजों से होती होगी। भीड़ बढ़ने और लगातार बोली लगने से वह परेशान होकर रोने लगी। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस पहुंच गई और वह बिकने से बच गई।
झारखंड की राजधानी रांची से किशोरी को जो महिला बुलंदशहर में बेचने के लिए लाई, वह उसकी सौतेली मां की बहन है। रिश्ते की मौसी ने उससे झूठ बोला था। उसने कहा था कि वह उसे नया साल मनाने के लिए घुमाने ले जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कलावती नाम की महिला किशोरी की रिश्ते की मौसी बताई गई है। पुलिस आरोपितों को रिमांड पर लेने के लिए मंगलवार को कोर्ट में अर्जी लगाएगी।
80 साल के बुड्ढे भी खरीदने पहुंचे थे
अहमदगढ़ थानाध्यक्ष धनेंद्र यादव ने बताया कि नौरंगाबाद गांव में महेंद्र के घर पर किशोरी की बोली लगाई जा रही थी। किशोरी की बोली लगाने वालों में 20 से 80 वर्ष तक के लोग शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जाकर 2 महिलाओं समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सोमवार को पुलिस ने किशोरी की मेडिकल जांच कराई है। किशोरी रांची के गांव पिसका नगरी नारो बस्ती की रहने वाली है। उसकी सौतेली मां की बहन कलावती 50 हजार रुपये में उसे खरीदकर लाई थी। उन्होंने बताया कि किशोरी के परिवार के लोग अभी नहीं पहुंचे हैं। मंगलवार को कोर्ट में आरोपितों को रिमांड पर लेने की अर्जी दी जाएगी। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
Source: International