दोषियों के खिलाफ डेथ वॉरंट, निर्भया के गांव में फांसी के दिन मनेगी दीपावली

बलिया
के चारों दोषियों को मौत की सजा के लिए डेथ वॉरंट जारी करने की खबर मिलते ही उत्‍तर प्रदेश के बलिया स्थित उसके गांव में खुशी की लहर फैल गई। पिछले सात साल से दरिंदों के मौत की सजा की मन्नत मांग रहे निर्भया के गांव के साथ जिले के लोगों में देर से ही सही न्याय मिलने को लेकर संतोष नजर आ रहा है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से चारों दोषियों के खिलाफ डेथ वॉरंट जारी होने के साथ चारों दोषियों को 22 जनवरी को सुबह सात बजे तिहाड़ जेल में फांसी पर लटकाने की खबर से गांव में खुशी फैल गई।

ग्रामीणों का कहना है कि दरिंदों को फांसी पर लटकाए जाते ही गांव में दीपावली मनाई जाएगी। गौरतलब है 16 दिसंबर 2012 की रात दिल्ली में एक बस में सवार छह दरिंदों ने पैरामेडिकल की छात्रा निर्भया के साथ चलती बस में गैंगरेप करके हैवानियत की सभी हदें पार कर दी थीं। इस घटना से देश आक्रोशित हो उठा था और लोग सड़कों पर उतर आए थे।

दादा बोले- दोषियों को नहीं देना था इतना वक्त
बलिया जिले के मेड़वराकला गांव में मंगलवार की शाम को लोगों खुशी का माहौल छा गया। निर्भया के दोषियों को 22 जनवरी को फांसी की खबर सुनकर संतोष जाहिर करते हुए निर्भया के दादा लाल जी सिंह का कहना है, ‘अपराधियों को इतना समय नहीं मिलना चाहिए था, जितना इन दरिंदों ने जान बचाने के लिए मामले को लटकाकर लिया। जिस दिन फांसी हो जाएगी, उसी दिन हम समझेंगे की फांसी हो गई। ऐसे मामले में एक दो तीन महीने के भीतर सजा मिल जाएं तो घटनाएं निश्चित ही कम हो जाएंगी।’

निर्भया की चचेरी बहन जूही सिंह भी बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन दोषियों को फांसी दी जाएगी, उस दिन को पूरे गांव के लोग त्योहार के रूप में मनाएंगे। जूही का कहना है कि ऐसे दोषियों को फांसी देने में देरी नहीं करनी चाहिए, हमारी बहन तो चली गई और भारत ही नहीं पूरा विश्व कांप गया था।

फांसी के दिन ‘न्याय जश्न’ मनाएगी ब्लड डोनर्स बटैलियन
बलिया जिले में फौजियों के मशहूर गांव बसंतपुर की ब्लड डोनर्स बटैलियन भी निर्भया के दोषियों को फांसी का इंतजार कर रही है। डेथ वॉरंट जारी होने के बाद खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘जिस दिन इन दरिंदों को फांसी पर लटकाया जाएगा, हमारे गांव के युवा जरूरतमंदों को रक्तदान करके बेटियों के सम्मान और इज्जत के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम करेंगे।’ इस बटैलियन के अगुवा राजीव मिश्रा कहते हैं कि बलिया ही नहीं, पूरा देश निर्भया के दोषियों को फांसी की घड़ी का इंतजार कर रहा है। निर्भया के दरिंदों को फांसी मिलते ही ‘न्याय जश्न’ के तहत रक्तदान करके इसमें हम सब शामिल होंगे।

बलिया की किन्नर अनुष्का शर्मा उर्फ अन्नू निर्भया के दोषियों को फांसी की सजा के बाद डेथ वॉरंट जारी होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘जिस दिन ये दरिंदे फांसी पर लटकेंगे, हमारा किन्नर समाज पूरे जिले में खुशी मनाएगा। बलिया की बेटी को देर से ही सही न्याय तो मिला।’ किन्नर अनुष्का चाहती हैं कि ऐसे दरिंदों को फांसी के सजा की जगह हाथ-पैर काटकर छोड़ दिया ताकि जिंदगी भर वे अपने गुनाह की सजा भुगतते रहें।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *