नोएडा के अस्पताल में अग्निशमन उपकरण खराब मिले

नोएडा, नौ जनवरी (भाषा) सेक्टर 24 स्थित ईएसआई अस्पताल में गुरूवार को लगी आग की घटना के बाद जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि दमकल विभाग ने आग बुझाने के उपकरणों के बारे में आपत्ति दर्ज कराई थी लेकिन उस पर अमल नहीं किया गया। मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल के प्रबंधन को विभाग द्वारा चार बार पत्र लिखा जा चुका है कि वे अपने यहां लगे अग्निशमन के खराब उपकरणों को ठीक करवा लें। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में अस्पताल की तरफ से अग्निशमन विभाग से एनओसी मांगी गई थी। जब विभाग के लोगों ने वहां पर जाकर जांच की तो आग बुझाने के लिए लगाए गए काफी उपकरण खराब मिले थे। उन्होंने बताया कि इस वजह से दमकल विभाग द्वारा अस्पताल को एनओसी नहीं दी गई थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने ना तो विभाग से एनओसी ली और ना ही खराब उपकरणों को ठीक कराया। यही कारण है कि आज जब अस्पताल में आग लगी तो, वहां पर आग बुझाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा तथा वहां लगे आग बुझाने के स्वचालित उपकरणों ने भी काम नहीं किया। उन्होंने बताया कि इस बाबत शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *