असम की तींरदाज अधिकारियों की लापरवाही से घायल हुई: राज्य तीरंदाजी अधिकारी

नयी दिल्ली, 10 जनवरी (भाषा) असम की 12 साल की तीरंदाज शिवांगिनी गोहेन के डिब्रूगढ़ में साई केंद्र में दुर्घटनावश तीर लगने से घायल होने को राज्य तीरंदाजी संघ ने लापरवाही की घटना करार दिया है। संघ ने कहा कि शिवांगिनी बिना किसी की देखरेख में अभ्यास कर रही थी और यह घटना स्थानीय कोच और अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है। यह घटना बुधवार को घटी जब भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के गुवाहाटी में क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत आने वाले दखा देवी रासीवासिया कालेज में अभ्यास केंद्र में वह ट्रेनिंग कर रही थीं। उन्हें गुरूवार की रात को दिल्ली ले जाया गया और एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। असम तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव और राज्य ओलंपिक संघ के कार्यकारी सदस्य पुलिन दास ने कहा, ‘‘साई का अनुबंधित कोच मार्सी खेलो इंडिया के लिये गुवाहाटी जा चुका है। उन्होंने अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों को कुछ समय के लिये शिविर रोकने का निर्देश नहीं दिया और न ही कालेज के प्रधानाचार्य अभ्यास की देखरख के लिये मौजूद थे। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ट्रेनिंग मैदान काफी खराब हालत में है, यह तीरंदाजी ट्रेनिंग के लिये है भी नहीं, कुछ यहां फुटबाल खेलते हैं, कभी क्रिकेट खेला जाता है और कभी अन्य खेल। लेकिन सबसे बुरी बात यह थी कि साई कोच ने शिविर रोकने का निर्देश नहीं दिया और तीरंदाज बिना किसी देखरेख के ट्रेनिंग कर रहे थे। ’’

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *