बिजनौर: मालगाड़ी के पहिए पटरी से उतरे, ठीक करने पहुंची ट्रेन के पहिए भी फिसले

बिजनौर
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना स्टेशन पर शनिवार सुबह मालगाड़ी के दो वैगन के दस पहिए पटरी से उतर गए। जिससे करीब चार किलोमीटर ट्रैक के स्लीपर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। इतना ही नहीं ऐक्सिडेंटल रिलीफ के लिए पहुंची ट्रेन के भी पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे अधिकारियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को डाउन लाइन पर खाली मालगाड़ी ट्रेन सहारनपुर से मुरादाबाद जा रही थी। स्टेशन मास्टर राजीव चंद्र सती ने बताया कि मालगाड़ी सुबह लगभग सुबह 6:45 बजे मठरी रेलवे फाटक 443 पर पहुंची। ड्यूटी पर तैनात गेटमैन मोहम्मद नाजिम ने सूचना दी कि चलती मालगाड़ी से तेज आवाज आ रही है। मालगाड़ी को नगीना रेलवे स्टेशन रोका गया। मुरादाबाद से एक्सीडेंटल रिलीफ ट्रेन मंगाई गई। इस दौरान अप और डाउन लाइन ट्रेन का यातायात प्रभावित हुआ।

रेलवे अफसरों के होश उस वक्त उड़ गए, जब मुरादाबाद से टीम के साथ सुबह करीब 9:15 बजे नगीना पहुंची ऐक्सिडेंटल रिलीफ ट्रेन की भी शंटिंग के दौरान एक वैगन के चार पहिए पटरी से उतर गए। परेशान अफसरों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और दोनों ट्रनों के 14 पहियों को तीन घंटे में पटरी पर चढ़ा दिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी 17 अक्टूबर 2019 को कोयले से भरी मालगाड़ी के एक बैगन के चार पहिए पटरी से उतर गए थे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *