सीए फाइनल में ऑल इंडिया टॉपर बने नोएडा के सूर्यांश अग्रवाल

– फाइनल राउंड की तैयारी के अंतिम दिनों में 12 से 14 घंटे तक पढ़ाई की थी

– मूलरूप से आंबेडकर नगर जिले के एनटीपीसी टांडा के रहने वाले हैं सूर्यांश

अम्बरीश त्रिपाठी, नोएडा

इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने नवंबर में हुई फाइनल परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। फाइनल परीक्षा के नतीजों में नोएडा सेक्टर-41 में रहने वाले सूर्यांश अग्रवाल ने 75.38 फीसदी अंकों के साथ ऑल इंडिया टॉप किया है। उन्हें 800 में से 603 अंक प्राप्त हुए हैं। आईसीएआई ने रिजल्ट घोषित करने की तारीख 17 जनवरी तय की थी लेकिन इसे 16 को ही घोषित कर दिया गया।

सूर्यांश अग्रवाल मूलरूप से आंबेडकर नगर जिले के एनटीपीसी टांडा के रहने वाले हैं। सूर्यांश के पिता दीपक अग्रवाल एनटीपीसी में अडिशनल जनरल मैनेजर और मां सोनी अग्रवाल हाउस वाइफ हैं। सेक्टर-41 में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहे सूर्यांश 2012 में नोएडा आ गए थे। उन्होंने नोएडा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से 2014 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कालेज ऑफ कॉमर्स से 2017 में 90 फीसदी अंकों के साथ ग्रेजुएशन किया था। 2015 में ही उन्होंने आईपीसीसी का एग्जाम दिया था। जिसमें ऑल इंडिया लेवल पर उनकी 27वीं रैंक आई थी। वर्तमान में वह गुड़गांव की ईवाई फाइनैंस कंसल्टिंग कंपनी से प्रशिक्षण भी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीए की तैयारी ग्रेजुएशन के दौरान से ही शुरू कर दी थी। इसके लिए उन्होंने अकाउंट्स और टैक्स की कोचिंग ली, बाकी के सभी विषयों की सेल्फ स्टडी से तैयारी की।

‘लक्ष्य को ध्यान में रखकर करें तैयारी’

सूर्यांश ने बताया कि सीए के फाइनल एग्जाम के अंतिम दौर में उन्होंने 4 महीने पहले से 12 से 14 घंटे तक की पढ़ाई करनी शुरू कर दी थी। इंस्टिट्यूट के स्टडी मटीरियल, रिवीजनरी टेस्ट पेपर और मॉक टेस्ट पेपर से उन्हें तैयारी करने में काफी मदद मिली। उन्होंने सफलता का श्रेय अपने माता पिता, नाना-नानी, बड़ी बहन और अपने टीचर्स को दिया है। उन्होंने कहा कि सीए की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अपना लक्ष्य 12वीं से ही तय कर लेना चाहिए। इसे ध्यान में रखकर ही तैयारी करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।

अर्पिता ने भी मारी बाजी

नोएडा सेक्टर-62 स्थित पथिक विहार सोसायटी में रहने वाली अर्पिता त्यागी ने भी सीएम की परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने 800 में 475 अंक हासिल किए हैं। उनके पिता डॉ. अनिल त्यागी होम्योपैथिक चिकित्सक हैं जबकि मां करुणा त्यागी दिल्ली के गवर्नमेंट स्कूल में टीजीटी शिक्षिका हैं।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *