मप्र: प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने शिवराज जायेंगे राजगढ़

भोपाल, 21 जनवरी (भाषा) राजगढ़ की घटना को लेकर जिले की दो महिला प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में भाजपा नेता बुधवार को वहां जाएंगे। मालूम हो कि राजगढ़ की जिलाधिकारी निधि निवेदिता एवं उप जिलाधिकारी प्रिया वर्मा ने जिले के ब्यावरा में रविवार को सीएए के समर्थन में धारा 144 के बाद भी रैली निकालने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को कथित रूप से चांटे मारे थे। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने मंगलवार को कहा, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर और अतिरिक्त कलेक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने बुधवार 22 जनवरी को राजगढ़ जाएगा।” पाराशर ने आरोप लगाया कि इन दो महिला प्रशासनिक अधिकारियों ने तिरंगा लेकर शांतिपूर्वक तरीके से विरोध कर रहे नागरिकों को पीटा।दूसरी प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को महिला अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के लिये माफी मांगनी चाहिये। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘भाजपा को अपने ही नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करानी चाहिये, जिन्होंने निषेधात्मक आदेश का उल्लंधन किया और महिला अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया।’’ जिलाधिकारी निधि ने सोमवार को भाषा से कहा था, ‘‘इस घटना का राजनीतिककरण से मैं व्यथित हूं।’’

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *