अब कंबाइंड अस्पताल में रात 8 बजे तक होगी ब्लड जांच

B- अस्पताल प्रबंधन ने 2 शिफ्टों में लगाई कर्मचारियों की ड्यूटीB

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद

कंबाइंड अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को लैब जांच के लिए अब अगले दिन का इंतजार नहीं करना होगा। मरीजों के लिए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लैब जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. नरेश विज ने बताया कि इसके लिए 2 शिफ्टों में कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। अब तक कंबाइंड अस्पताल में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही लैब जांच होती थी। इससे मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी जांच के लिए अगले दिन तक इंतजार करना पड़ता था। इस परेशानी को दूर करने के लिए अस्पताल में लैब जांच रात 8 बजे तक शुरू कर दी गई है।

सीएमएस डॉ. नरेश विज ने बताया कि सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक अस्पताल की लैब में ही मरीजों की जांच की जाएगी। दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक अस्पताल में बनी ब्लड बैंक यूनिट में लैब जांच की सुविधा शुरू की गई है। शासन ने ब्लड बैंक यूनिट के लिए लैब जांच के उपकरण मुहैया करवाए थे। ब्लड बैंक यूनिट की लैब में ब्लड व यूरीन की जांच हो सकेगी। सीएमएस ने कहा कि हालांकि शासन स्तर से इस यूनिट के लिए अलग से कर्मचारी नहीं दिया गया है बल्कि अस्पताल लैब के कर्मचारी को ही अतिरिक्त प्रशिक्षण दिलवाया गया है। जिसके बाद स्टाफ को 2 शिफ्टों में नियुक्त किया गया है। दोनों स्थानों पर 8 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। सीएमएस ने कहा कि रात 8 बजे तक लैब जांच होने से उन मरीजों को भी सुविधा होगी जो दोपहर बाद ट्रॉमा सेंटर में पहुंचते हैं और लैब जांच के अभाव में उनका औपचारिक उपचार शुरू नहीं हो पाता है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *