टैक्स जमा नहीं करने पर समतल इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइसिस कंपनी सील

नगर संवाददाता, गाजियाबाद : नगर निगम प्रशासन ने संपत्ति कर जमा नहीं करने पर बुधवार को मैसर्स समतल इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइसिस कंपनी को सील कर दिया। कंपनी पर 76. 83 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया है। इस साल नगर निगम की यह पहली सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इसके अलावा अन्य बकायेदारों को भी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजीव सिन्हा ने बताया कि यह कार्रवाई सिटी जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा की अगुवाई में हुई। उन्होंने बताया कि दोपहर 1 बजे पहुंची टीम ने कंपनी में तैनात 10 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को बाहर निकाला। इसके बाद कंपनी के तीनों गेट पर सील लगाई गई।

संजीव सिन्हा ने बताया कि कंपनी को कई दिन पहले नोटिस भेजकर संपत्ति कर जमा कराने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने जमा नहीं किया। अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की जा रही है। करीब डेढ़ हजार लोग संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे हैं। उनको भी नोटिस भेजा जा रहा है। साथ ही कुछ लोगों के प्रतिष्ठान या घरों पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया जा रहा है। सिटी जोन में 25 से ज्यादा लोगों के कुर्की के नोटिस चस्पा किए गए हैं। कुर्की शुक्रवार को होगी।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *