किसानों की अथॉरिटी अफसरों से नहीं हो सकी वार्ता, धरना जारी

प्रमुख संवाददाता, नोएडा

नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ चल रहा किसानों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को किसानों की अथॉरिटी अफसरों से वार्ता होने की उम्मीद थी जो नहीं हो पाई। वहीं, जेल में बंद 11 किसानों का अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। किसान संगठन आपस में राय मशविरा व मीटिंग कर रहे हैं। वहीं, किसान संगठन अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के भी संपर्क में हैं। माना जा रहा है यदि अगले एक-दो दिन में अथॉरिटी व किसानों की वार्ता नहीं होती है और जेल में बंद किसानों को रिहा नहीं किया जाता है तो किसान बड़े आंदोलन की घोषणा कर सकते हैं।

बता दें कि भारतीय किसान परिषद की ओर से नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ 10 फरवरी से शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन अभी जारी है। 11 किसानों को इस धरने से उठाकर पुलिस ने जेल भेज दिया था। जेल में बंद किसान अनशन पर हैं। 5वें दिन भी अनशन जारी रहा। वहीं, सेक्टर-6 अथॉरिटी कार्यालय के बाहर भी किसानों का धरना जारी रहा। शुक्रवार को हुए धरना प्रदर्शन में महिलाओं की खासी संख्या रही। उद्योग मार्ग पर धरने की वजह से ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही। शुक्रवार को नोएडा अथॉरिटी की सीईओ के साथ किसानों की वार्ता होने की उम्मीद बन रही थी। पुलिस प्रशासन को पिछले 2-3 दिन से अलग-अलग किसान संगठन इसके लिए ज्ञापन दे रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को किसानों और अथॉरिटी की वार्ता नहीं हो पाई। वार्ता कब होगी इस बारे में तस्वीर साफ नहीं है। अथॉरिटी के इस रवैये से किसान संगठनों में रोष बढ़ रहा है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *