
*दंतेवाड़ा, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 दिसम्बर को अखिल भारतीय हल्बा समाज दंतेवाड़ा द्वारा जिला स्तरीय शक्ति दिवस कार्यक्रम ग्राम मैलावाडा़ में मनाया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न बस्तरीया आदिवासी समाजों को भी आमंत्रित किया गया था। ठंड के मौसम में भी सैकड़ों की संख्या में आए हुए लोगों को देखकर उनके समाज के प्रति एकता को देखते ही बनता है।*
*हल्बा आदिवासी समाज के लोग सरल, मृदुल एवं मिलनसार स्वभाव के होते हैं। ये खासकर कृषि करते हैं।*

*सर्वप्रथम कार्यक्रम के दौरान मां दंतेश्वरी के छायाचित्र के समक्ष विभिन्न समाजों से आये हुये प्रमुखों द्वारा दीप प्रज्वलित कर समाज का ध्वज फहराया गया। फिर समाज प्रमुखों द्वारा उद्बोधन दिया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम में आये हुए विभिन्न समाज प्रमुखों को श्रीफल एवं शाल भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री तुलिका कर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मालती नंदलाल मुडा़मी, जिला पंचायत सदस्य श्री रामू नेताम एवं विभिन्न समाजों के प्रमुख सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।*