यूपी के प्रयागराज में निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत आशीष गिरी ने आत्‍महत्‍या की

प्रयागराज
यूपी के प्रयागराज जिले में निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत आशीष गिरी (41) ने रविवार की सुबह लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी, डीआईजी केपी सिंह, एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव और फरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद धर्म गुरुओं का कहना है कि बीमारी से परेशान होकर आशीष ने जान दी है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8 बजे उन्होंने आशीष गिरी से फोन पर बात की थी। उन्हें नाश्ता करने के लिए मठ में बुलाया था। उस समय आशीष गिरि ने कहा था कि वह स्नान करने के बाद आ रहे हैं।

नरेंद्र गिरी ने बताया कि कुछ देर बाद जब अशीष नहीं पहुंचे तब मठ में रहने वाले उनके शिष्य आवास पर पहुंचे। उन्‍होंने देखा कि दूसरी मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा खुला था। नीचे जमीन पर बिस्तर के ऊपर खून से लथपथ आशीष गिरी का पार्थिव शरीर पड़ा था। उनके हाथ में पिस्टल थी। डीआईजी केपी सिंह ने बताया कि आशीष गिरी हाई ब्लड प्रेशर और पेट की बीमारी से परेशान थे। उनका लिवर भी खराब हो गया था।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *