उन्नाव ट्रांस गंगा सिटी परियोजना: किसानों का हिंसक प्रदर्शन, 5 गिरफ्तार, 200 से ज्यादा पर केस


उन्नाव में गंगा नदी के किनारे बस रही के लिए जमीन अधिग्रहण के खिलाफ अब हिंसक हो गया है। किसानों ने रविवार को यहां पावर सबस्टेशन के पास आग लगा दी। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प हुई। उग्र किसानों पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे पहले शनिवार को भी किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में सीओ सिटी समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने लाठीचार्ज के बाद आंसू गैस के गोले दागकर किसानों को खदेड़ा।

पुलिस टीम पर हमला, 5 गिरफ्तार
पुलिस और किसानों की झड़प पर एसपी ने बताया, ‘ग्रामीणों और कुछ उपद्रवी तत्वों ने यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डिवेलपमेंट कॉर्पोरेशन (यूपीएसआईडीसी) के अधिकारियों और उनकी गाड़ियों पर हमला किया। कुछ उपद्रवियों ने बाद में पुलिस टीम पर फायरिंग के साथ ही पथराव भी किया। पांच पुलिस कर्मियों को चोट आई है। पुलिस ने 30 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पांच लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।’

ढाई साल से आंदोलन कर रहे हैं किसान
इस बीच पुलिस ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की तो किसानों ने मौके पर मौजूद एक मिक्सर में आग लगा दी। दरअसल, यूपीएसआईडीसी के प्रॉजेक्ट में शासन के निर्देश पर कब्जा लेकर काम करवाने पहुंचे प्रशासन और अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर पिछले ढाई साल से आंदोलन कर रहे किसान शनिवार सुबह आमने-सामने आ गए। सड़क पर उतरे आंदोलित किसानों ने एक जेसीबी, कार और बस में तोड़फोड़ कर आगजनी का प्रयास किया।

रविवार को किसानों का प्रदर्शन और उग्र हो गया। किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर पावर हाउस के पास रखे पाइपों में आग लगा दी। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस और किसानों में तीखी झड़प हुई।

किसान नेता गिरफ्तार
पुलिस ने किसानों पर पानी का छिड़काव करते हुए आंसू गैस के 6 गोले दागकर लाठीचार्ज कर दिया। जवाब में किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया जिसमें सीओ सिटी अंजनी राय सहित 4 पुलिस कर्मी घायल हो गए। किसान नेता वीएन पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके सिर में चोट लगी है। 2 किसानों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।

किसानों का मुआवजा दिया जा चुका है: DM
डीएम देवेंद्र पांडेय ने बताया किसानों का जो मुआवजा था वह दिया जा चुका है। प्रशासन के पास उनका कोई बकाया नहीं है। इसके बावजूद किसान जिद पर अड़े हैं। शासन स्तर पर कई बार बातचीत हो चुकी है लेकिन किसान मानने को तैयार नहीं है। डीएम ने बताया कुछ अराजक तत्वों द्वारा पथराव किया गया था इसपर फायर ब्रिगेड ने पानी का छिड़काव कर आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया और लाठी पटक कर स्थिति नियंत्रण में की गई है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *