
– 400 स्कूलों में हुआ पढ़े गाजियाबाद कार्यक्रम का आयोजन
– बच्चे भारत का नक्शा व पढ़ेगा गाजियाबाद की आकृति बनाकर बैठे
Bएनबीटी न्यूज, गाजियाबाद
राज्यपाल के Bआदेश पर शहर में पढ़े गाजियाबाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें 400 स्कूलों के बच्चों ने 45 मिनट तक अपनी पसंद की किताब पढ़ी। इस दौरान बच्चे भारत का नक्शा व पढ़ेगा गाजियाबाद की आकृति बनाकर बैठे। जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने बताया कि बुधवार को यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई के 400 स्कूलों में 2 लाख 63 हजार बच्चों ने अपनी पसंद की किताब पढ़ी। डीपीएसजी मेरठ रोड में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त रहे। रेडिकोन पब्लिक स्कूल के बच्चों की ओर से दी गई 700 किताबों का वितरण कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को किया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल व विशिष्ट अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति दीक्षित थीं। कार्यक्रम में 4200 छात्राएं शामिल हुईं। अस्मिता लाल ने कहा कि पढ़ने की रुचि पैदा करने से हम अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं को 576 प्रेरक पुस्तकें भी भेंट की। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुधारानी कटियार ने सभी का स्वागत किया। सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 2 हजार से अधिक बच्चे शामिल हुए। कॉलेज के प्रधानाचार्य के. बी. सिंह ने सभी का स्वागत किया। विजयनगर के रोजबैल पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। स्कूल की प्रधानाचार्य धर्मजीत कौर व निदेशक बलप्रीत सिंह ने कहा कि हमारी सबसे अच्छी मित्र किताबें ही होती हैं। ये हमारा सही मार्गदर्शन भी करती हैं। हमें पढ़ने में रुचि बढ़ानी चाहिए। सीएसएचपी पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में भी बच्चों ने सुबह 11 बजे से 11 बजकर 45 मिनट तक किताबें पढ़ी। निदेशक सविता गुप्ता व प्रधानाचार्य ममता शर्मा भी मौजूद रहीं।
Source: International