चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे, 2 पकड़े गए

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद

चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाने वाले दो बदमाशों को मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों ने बताया कि उन्होंने वह कार किसी और से खरीदी थी और उसने जो कागजात दिए उन्हीं पर कार चला रहे थे। पुलिस कार बेचने वाले की तलाश कर रही है।

इंस्पेक्टर मसूरी नरेश सिंह ने बताया कि पुलिस मंगलवार की रात कुशलिया बंबे के पास चेकिंग कर रही। इस दौरान एक सेंट्रो कार को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने कार में सवार लोगों से कागजात मांगे तो उन्होंने आरसी दिखाई। आरसी पर हरियाणा का नंबर दर्ज था। इस पर जब कार के चेसिस और इंजन नंबर की जांच की गई तो वे अलग मिले। जिसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि कार पर हरियाणा की नंबर प्लेट लगाई गई थी जबकि इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर कार राजस्थान में रजिस्टर्ड है। आरोपितों की पहचान राकेश कुमार निवासी मुरादनगर और ध्रुवराज सिंह निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि कार आरोपितों ने किसी अन्य से खरीदी थी। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो सकेगा कि कार कहां से चोरी की गई थी। कार के संबंध में राजस्थान पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *