लोकसभा निर्वाचन-2024मतगणना पर्यवेक्षक तथा मतगणना सहायक दलों का प्रथम चरण प्रशिक्षण सम्पन्न


मतगणना कार्य को पूरी गम्भीरतापूर्वक निष्पक्षता के साथ सम्पादित करें- सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्री जयंत नाहटा।

जितेंद्र कुमार गुप्ता
रिपोर्ट

दंतेवाड़ा, 27 मई 2024। लोकसभा निर्वाचन के तहत मतगणना कार्य को पूरी गंभीरता पूर्वक निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपादित करें। इस दिशा में मतगणना की गोपनीयता को बनाए रखें और आपसी समन्वय कर मतगणना कार्य को सुनिश्चित करें। इस हेतु मतगणना प्रशिक्षण में हरेक पहलुओं की जानकारी लेने के साथ ही शंकाओं का समाधान करें। उक्त निर्देश सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्री जयंत नाहटा ने कलेक्टोरेट के सभागार में आयोजित मतगणना पर्यवेक्षक तथा मतगणना सहायक दलों के प्रथम चरण प्रशिक्षण के दौरान दिया। इसके साथ ही मतगणना दलों को मतगणना दिवस पर मतगणना स्थल में निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि नियत समय पर उपस्थित होने होवें। वहीं निर्धारित समय पर मतगणना कार्य शुरू किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल में निर्धारित प्रवेश प्राधिकार पत्र के आधार पर ही प्रवेश करने दिया जायेगा। इस हेतु मतगणना कार्य सहित टेबुलेशन और अन्य कार्यों के लिये नियुक्त सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रवेश प्राधिकार पत्र लाना अनिवार्य है। मतगणना स्थल पर मोबाईल तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित है और ऐसे सामग्रियों को प्रवेश द्वार पर सुरक्षित रखने के लिये व्यवस्था सुनिश्चित किया गया है। श्री नाहटा ने मतगणना दलों को मतगणना की बारीकियों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी लेने को कहा। इस हेतु गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और सूक्ष्म प्रेक्षकों का दल गठित किया गया है। इसके बाद गणना को अंतिम रूप देकर सूचना पटल पर प्रदर्शित करने सहित सुविधा एप्प में प्रविष्टि की जायेगी। इसके साथ ही रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा चक्रवार उद्घोषणा की जायेगी। इसके बाद अगले चक्र के लिये कंट्रोल यूनिट मतगणना दलों को दी जायेगी।
मतगणना प्रशिक्षण के दौरान मास्टर्स ट्रेनर्स द्वारा कंप्यूटर पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से मतगणना सम्बन्धी विस्तृत जानकारी दी गयी। वहीं डेमो मतगणना कर कंट्रोल यूनिट के माध्यम से की जाने वाली मतगणना के बारे में बताया गया। इस दौरान व्हीव्हीपॅट की पर्चियों की गणना के बारे में भी विस्तार पूर्वक अवगत कराया गया। वहीं मतगणना दलों के अधिकारियों-कर्मचारियों के शंकाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षण में मतगणना दलों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित निर्वाचन दायित्व से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *