मऊ हिंसा में अब तक 31 गिरफ्तार, 220 लोग पुलिस के रेडार पर

मऊ
यूपी के मऊ जिले में 16 दिसंबर को नागरिकता संशोधन ऐक्ट को लेकर उपद्रवियों ने जो हिंसा की थी, उसको लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिले के दक्षिण टोला पुलिस स्टेशन में आगजनी के साथ मिर्जाहादिपुरा चौक पर सरकारी संपत्ति और आम जनता की संपत्तियों को जो भारी नुकसान पहुंचाया गया था, उसकी भरपाई उपद्रवियों से करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है।

एसपी अनुराग आर्य के मुताबिक अब तक इस हिंसा के मामले में 31 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ वि‍डियो और सीसीटीवी फुटेज से मिले सबूतों के आधार 220 लोग पुलिस के रेडार पर आ गए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ प्रारंभ हो गया है। जिले में माहौल पूरी तरह से सामान्य होने के बाद सोमवार को इंटरनेट सेवा प्रारंभ कर दी गई है।

इसके साथ ही साइबर सेल टीम सोशल मीडिया पर पैनी नजर बनाए हुए है। मऊ में हुई हिंसा में पुलिस ने 3 केस दर्ज किया था। इसमें 90 नामजद सहित 650 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब तक 31 लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है। मऊ जिले के कई सफेदपोश लोगों पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस की साइबर सेल टीम ने मीडिया के कैमरे, पुलिस के कैमरे और सीसीटीवी कैमरे के विडियो के आधार पर 220 फोटो को तैयार किया है। इसके आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की की जा रही है। इसके अलावा 650 अज्ञातों की भी पहचान में टीमें लगी हुई हैं। इस बीच शहर में माहौल पूरी तरह से सामान्य है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *