सीएए के विरोध में बुधवार को होगा कांग्रेस का पैदल मार्च

भोपाल, 24 दिसंबर (भाषा) मध्य प्रदेश कांग्रेस संशोधित नागरिक कानून (सीएए) के विरोध में मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में राजधानी भोपाल में बुधवार को ‘‘संविधान बचाओ न्याय शांति यात्रा’’ निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चंद्र प्रभाष शेखर ने मंगलवार को बताया कि ‘‘संविधान बचाओ न्याय शांति यात्रा’’ कल रंगमंहल टॉकीज से शुरु होकर मिंटो हॉल (पुरानी विधानसभा) में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में यह पैदल मार्च दोपहर 12 बजे शुरु होगा। उन्होंने बताया कि इस पैदल मार्च में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल होंगे। शेखर ने बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता शैलेन्द्र शैली, बहुजन समाज पार्टी के राजकुमार गौतम, तृणमूल कांग्रेस के नेता सतीश चौहान, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ब्रजमोहन श्रीवास्तव और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के रघु ठाकुर तथा माकपा और अन्य दलों के नेता इस पैदल मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता इस पैदल मार्च की व्यवस्था संभालेंगे।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *