जुमे की नमाज से पहले यूपी के आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में इंटरनेट बंद

आगरा/मथुरा
नागरिकता संशोधन कानून (CAA)को लेकर बवाल अभी भी थमा नहीं है। पश्चिमी यूपी के तीन जिलों आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में एक बार फिर मोबाइल इंटरनेट की सुविधा बंद कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन की आशंका है। आगरा में आज सुबह 8 बजे से इंटरनेट सेवा बंद है। शुक्रवार शाम 6 बजे तक यहां मोबाइल इंटरनेट सर्विस बंद रहेगी। फिरोजाबाद और मथुरा में भी शुक्रवार शाम 6 बजे तक के लिए इंटरनेट बंद कर दिया है।

आगरा में जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा कि इसके पीछे उद्देश्य CAA को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को रोकना है। आदेश में कहा गया है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद एक बार फिर हिंसक प्रदर्शन हो सकते हैं। बता दें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हिंसा भड़की थी। इस दौरान जगह-जगह तोड़फोड़, पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। कानून को लेकर यूपी भर में हुए प्रदर्शन में 16 लोगों की मौत हो गई।

आगरा के एडीएम सिटी प्रभाकांत अवस्थी ने बताया, ‘यूपी के अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद और दूसरे जिलों में सीएए को लेकर हिंसक प्रदर्शन हो चुके हैं जिसको लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ाई जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ संगठन प्रदर्शन आयोजित कर शहर की कानून-व्यवस्था को चुनौती दे सकते हैं। हालांकि बैंक और सरकारी नेटवर्क सर्विस में इंटरनेट बंद लागू नहीं होगा।’

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *