हरदोई: जमानत के बाद भी 2 साल से जेल में थी 80 साल की बुजुर्ग, समाजसेवियों ने कराया रिहा

हरदोई
यूपी के हरदोई में कुछ समाजसेवियों ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। हत्या के इल्जाम में आजीवन कारावास की सजा काट रही वृद्ध महिला को दो साल पहले ही हाई कोर्ट से जमानत मिल गई लेकिन कागजी कार्यवाही न हो पाने की वजह से उनकी रिहाई नहीं हो पा रही थी। ऐसे में कुछ समाजसेवियों ने इनकी मदद की और रिहा कराया।

वृद्ध महिला अली फातिमा की उम्र 80 वर्ष से ज्यादा है जो कि हरदोई जिले के थाना कासिमपुर के गौरी खालसा की रहने वाली हैं। साल 2013 में गौरी खालसा में बहू की हत्या के आरोप में अली फातिमा और उनका बेटा जेल में निरुद्ध हैं। वर्ष 2016 में जिला अदालत ने इन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया था।

जमानत लेने वाला नहीं था कोई
इसके बाद कुछ लोगों ने इनकी पैरवी की और हाईकोर्ट से इन्हें जमानत मिल गई। लेकिन कोई भी जमानतदार इनकी जमानत लेने को तैयार नहीं था और न ही अदालत द्वारा लगाए गए अर्थदंड को अदा करने के लिए आर्थिक सहायता इनके पास थी। जिसकी वजह से इनकी जमानत नहीं हो पा रही थी।

मदद की पयामे इंसानियत संस्‍था ने
जेल प्रशासन से जब यह जानकारी पयामे इंसानियत संस्‍था के हबीब शेख को मिली तो उन्‍होंने हाईकोर्ट में पैरवी की और कोर्ट से अर्थदंड स्टे कराया और साथ ही जमानतदार की व्यवस्था की। इसके बाद अदालत से रिहाई आर्डर आने के बाद जेल प्रशासन ने वृद्ध महिला को जेल से रिहा कर दिया। साथ ही संस्था के लोगों ने वृद्ध महिला की सेवा करने का बीड़ा उठाया है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *