रिवॉल्वर तानने के मामले में साथी के बचाव में उतरे कांग्रेस पार्षद

Bनगर संवाददाता, गाजियाबाद

नगर निगमB के बिजली विभाग में तैनात अधिशासी अभियंता मनोज प्रभात की शिकायत पर पुलिस ने पार्षद जितेंद्रपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, कांग्रेस के कुछ पार्षद दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश में जुट गए। हालांकि, अधिशासी अभियंता समझौते के मूड में नहीं लग रहे हैं। बता दें कि वॉर्ड-69 के पार्षद जितेंद्र पाल पर गुरुवार को अधिशासी अभियंता ने जान से मारने की नीयत से कनपटी पर रिवॉल्वर लगाने, उनके गनर की ओर से राइफल तान देने, गाली गलौज करने और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया था और थाना सिहानी गेट थाने में शिकायत दी थी।

शुक्रवार को इस मामले ने नया मोड़ लिया और सुलह की कोशिश शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्षद अजय शर्मा समेत 6-7 पार्षदों ने नगरायुक्त दिनेश चंद्र सिंह और मेयर आशा शर्मा से बात की। पार्षदों का कहना था कि जो भी हुआ वह दुखद है। पार्षद जितेंद्र पाल अपनी इस गलती पर खेद जताने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इस पर नगरायुक्त और मेयर ने कांग्रेसी पार्षदों को कोई आश्वासन नहीं दिया। पार्षदों ने अधिशासी अभियंता मनोज प्रभात से भी बात की। उन्होंने कहा कि कुछ पार्षदों ने सुलह के लिए उनसे मुलाकात की थी, लेकिन वह इस मामले में समझौते की बात करना नहीं चाहते हैं। इस मामले में सिहानी गेट थाने में केस दर्ज हो गया है। पुलिस ही इस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *