
वार्ड क्रमांक 06 में गली रोड व सीढ़ी पर अतिक्रमण, प्रशासन बना मूकदर्शक
किरंदुल।
नगरपालिका परिषद किरंदुल के वार्ड क्रमांक 06 में अवैध अतिक्रमण का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। बस अड्डा के सामने स्थित नगरपालिका की सार्वजनिक गली रोड एवं नगरपालिका द्वारा निर्मित सीढ़ी पर शिव शर्मा द्वारा खुलेआम कब्जा कर पूरे मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आम नागरिकों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह अवैध अतिक्रमण किसी चोरी-छिपे नहीं, बल्कि नगरपालिका की जानकारी और देखरेख में किया जा रहा है। बावजूद इसके नगर प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई, जिससे जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस मार्ग का निर्माण आमजन की सुविधा के लिए नगरपालिकाद्वारा किया गया था, उसी मार्ग को निजी स्वार्थ के लिए घेरकर बंद कर देना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि प्रशासनिक निष्क्रियता का भी जीता-जागता उदाहरण है। मार्ग बंद होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रश्न यह भी उठता है कि यदि एक व्यक्ति को सार्वजनिक गली, रोड और सीढ़ी पर कब्जा करने की खुली छूट दी जा रही है, तो क्या अब पूरे नगर में अतिक्रमण को वैध मान लिया गया है? क्या नगरपालिका अब अवैध कब्जों को मौन स्वीकृति दे रही है?
स्थानीय निवासी दिलीप सिंह ने इस संबंध में मुख्य अधिकारी, नगरपालिका परिषद किरंदुल को लिखित शिकायत देकर तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई, तो नागरिक आंदोलन और उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नगरपालिका प्रशासन इस गंभीर मामले में कब जागता है, या फिर अवैध कब्जों के आगे यूं ही घुटने टेकता रहेगा।