दिग्वियज सिंह ने भाजपा नेता पर हिंसा भड़काने का लगाया आरोप

भोपाल, 28 दिसंबर :भाषा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्वियज सिंह ने भाजपा के एक नेता पर जबलपुर शहर में हिंसा भड़काने का शनिवार को आरोप लगाया। जबलपुर शहर में 20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हिंसा होने के बाद शहर के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया था। सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘वीडियो में पुलिस पत्थर फेंकते हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाई दे रही है। इस घटना में, जबलपुर से मुझे पता चला है कि भाजपा के एक मुस्लिम पदाधिकारी के उकसाने पर यह हुआ है।’’ सिंह के इस ट्वीट के बाद वाक युद्ध शुरु हो गया है। दिग्विजय के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि शुरुआत में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की घटना के तौर पर वीडियो को प्रचारित किया जिसमें पुलिसकर्मियों को गाड़ियों के कांच तोड़ते देखा गया। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जब स्पष्ट किया गया कि यह वीडियो जबलपुर का है तो कांग्रेस नेता अब झूठ बोल रहे हैं। संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में जबलपुर में हिंसा होने के बाद, राज्य के गृह विभाग ने शुक्रवार को जबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेश कुमार त्रिपाठी और शहर के पुलिस अधीक्षक (गोहलपुर) देवेश कुमार पाठक को जबलपुर से भोपाल पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया। इसके अलावा निचले रैंक के कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों को भी स्थानांतरित किया गया है।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *