किरंदुल में जनसुविधाओं के विस्तार की मांग, संविधान की कलम पत्रकार कल्याण संघ ने एनएमडीसी प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन

किरंदुल। संविधान की कलम पत्रकार कल्याण संघ के अधिक किशोर कुमार रामटेके व सचिव दिलीप सिंह के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक से मुलाकात कर नगरवासियों की विभिन्न जनहितैषी समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि किरंदुल नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं तथा अंतिम संस्कार संबंधी सुविधाओं की कमी के कारण आम नागरिकों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक मृतक के शव को गृह राज्य भेजने के दौरान फ्रिजर युक्त मर्चुरी शव वाहन उपलब्ध नहीं होने की घटना ने इस समस्या को और गंभीर रूप से उजागर किया है।ज्ञापन के माध्यम से संघ ने एनएमडीसी प्रबंधन से मांग की कि किरंदुल परियोजना अस्पताल में सभी नागरिकों के लिए फ्रिजर युक्त आधुनिक मर्चुरी शव वाहन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गैर-एनएमडीसी निवासियों को भी निर्धारित एवं उचित शुल्क पर मर्चुरी शव वाहन तथा आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए।
संघ ने यह भी मांग की कि एनएमडीसी परियोजना अस्पताल में ओपीडी हेतु आने वाले महिला एवं पुरुष मरीजों तथा उनके परिजनों के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में मृत्यु उपरांत अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक लकड़ियां एवं अन्य सामग्री श्मशान घाट तक पहुंचाने हेतु एक पिकअप वाहन की व्यवस्था किए जाने की मांग भी रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ये सभी मांगें किसी व्यक्ति विशेष नहीं बल्कि पूरे नगर एवं क्षेत्र की जनता के हित से जुड़ी हुई हैं। एनएमडीसी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इन सुविधाओं की व्यवस्था कर हजारों नागरिकों को राहत प्रदान कर सकता है। अधिशासी निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर संविधान की कलम पत्रकार कल्याण संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *