नोएडा में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चोरों को गिरफ्तार किया

नोएडा, 29 दिसंबर (भाषा) थाना बादलपुर पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के 10 दोपहिया वाहन बरामद किये हैं। एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया, ‘‘रविवार की रात गश्त पर निकली थाना बादलपुर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर एनटीपीसी कट के पास से शादाब निवासी सफियाबाद, जनपद मेरठ तथा सादमान पुत्र अजहर निवासी जनपद मेरठ को गिरफ्तार किया।’’ उन्होंने बताया कि इनके पास से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विभिन्न जगहों से चोरी की गई 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। एसपी ने एटीएम धोखाधड़ी के अन्य मामले का हवाला देते हुए बताया, ‘‘थाना बादलपुर पुलिस ने विश्नोली गेट के पास से साकिर एवं अजरुदीन नामक दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। ये लोग एटीएम में पैसा निकालने वाले लोगों से धोखाधड़ी कर उनके एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में उनसे पैसे निकल लेते थे।’’ उन्होंने बताया कि इनके पास से 12,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने कई वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *