प्रियंका से धक्कामुक्की: मप्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योगी का पुतला फूंका

भोपाल, 29 दिसंबर (भाषा) लखनऊ में अपनी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पुलिस द्वारा धक्कामुक्की किये जाने का आरोप लगाते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया। भोपाल मध्य सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने तख्तियां ले रखी थीं जिन पर ‘उत्तर प्रदेश पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे लिखे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों में कुछ महिलाएं भी थीं। प्रदर्शनकारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका के समर्थन में भी नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन के दौरान आरिफ मसूद ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में एक बात साफ तौर पर समझ में आ गई कि वहां जितने विपक्षी दल हैं, वे बर्बरता के खिलाफ संघर्ष नहीं कर पा रहे हैं। केवल हमारी नेता प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी ही संघर्ष कर रहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश एवं देश में सीएए के खिलाफ आंदोलन करेगी। मसूद ने कहा, ‘‘मैं प्रियंका गांधी के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की गई हाथापाई की निंदा करता हूं।’’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को आरोप लगाया था कि संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ हाल में हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार किये गये एक पूर्व आईपीएस अधिकारी के घर जाते वक्त उन्हें रोकने की कोशिश कर रही पुलिस ने उनका गला दबाकर उन्हें गिराया।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *