सीएए को लेकर विपक्षी पार्टियां जनता में भ्रम फैला रही हैं : भाजपा नेता

नोएडा, एक जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर विपक्षी पार्टियां जनता में भ्रम फैला रही है। सीएबी के पारित होने के 5 दिन बाद सुनियोजित तरीके से देशभर में हिंसा हुई जिसमें कांग्रेस की भूमिका अहम है। सिंह ने सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान लगाए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा, ‘‘सीएए को लेकर विपक्षी दल एक वर्ग विशेष में नागरिकता छीनने का भ्रम फैला रहे हैं, जबकि असल में सीएए शरणार्थियों को नागरिकता देने का कानून है, लेने का कानून नहीं।’’ सिंह ने सीएए और एनपीआर के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, ‘‘दोनों ही कानून एक दूसरे से पूरी तरह अलग हैं।’’ उन्होंने स्पष्ट किया, ‘‘सीएए के तहत विभिन्न देशों से धार्मिक प्रताडऩा झेल कर भारत आने वाले शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है। इसके अलावा देश में रहने वाले किसी भी व्यक्ति से यहां का नागरिक होने का कोई प्रमाण नहीं मांगा जाएगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों खासकर कांग्रेस ने षड्यंत्र के तहत इस कानून को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाया परिणाम स्वरूप जगह-जगह दंगे हुए। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा, ‘‘सीएए पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए भाजपा आगामी 20 दिनों तक देश भर में जन जागरण अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रत्येक जनपद में रैलियां, बुद्धिजीवी सम्मेलन तथा पंचायत एवं वार्ड स्तर पर बैठकें होंगी, जिनमें भाजपा पदाधिकारी लोगों को सीएए के बारे में जानकारी देकर उनके भ्रम को दूर करने का कार्य करेंगे।’’ उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते कहा, ‘‘कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी ने अब तक देश में हुई हिंसा की निंदा नहीं की। लखनऊ में प्रियंका गांधी वाड्रा ने भगवा पर आपत्तिजनक बयान देकर भगवा रंग का अपमान किया है, जो निंदनीय है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करती है। यही कारण है कि कांग्रेस सीएए पर राजनीति कर रही है जबकि राजस्थान के कोटा में बच्चों की मौत पर वहां शोक व्यक्त करने जाना भी कांग्रेसी नेताओं ने मुनासिब नहीं समझा।’’ इस मौक पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश शर्मा, मीडिया प्रभारी विनोद शर्मा, मनीष शर्मा, महामंत्री युद्घवीर चौहान, मोहन शर्मा, सुशील शर्मा, संजय बाली, अमित त्यागी, राहुल पंडित सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *