
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बुधवार को वाराणसी में साफ किया कि (सीएए) को सभी राज्यों को लागू करना होगा। कोई भी संविधान से बढ़कर नहीं है। वहीं, सीएए पर कांग्रेस के रवैये को गैर जिम्मेदाराना बताया।
वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आए गृह राज्य मंत्री बुधवार को सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा, ‘सीएए के विरोध के नाम पर दंगा कराने की विपक्ष की सुनियोजित साजिश थी। विपक्षी देश में माहौल बिगाड़ना चाहते थे। लेकिन समय रहते सरकार ने कड़े कदम उठाकर साजिश विफल कर दी। उत्तर प्रदेश में तो बवाल करने वाले चिन्हित कर लिए गए हैं और उनके पोस्टर चस्पा किए जा रहे हैं।’
गृह राज्य मंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर सीएए को लेकर लोगों को भ्रमित करने और विरोध के नाम पर भड़के दंगों पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह बेहद अशोभनीय है। राहुल गांधी के सीएए को देश के नागरिकों पर टैक्स बताने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसी अच्छे जानकार से ट्यूशन लेना चाहिए।
रेड्डी ने सीएए को राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनसीआर) से जोड़ने को गलत बताते हुए कहा कि पड़ोसी देशों के पीड़ित अल्पसंख्यकों को भारत में शरण मिलनी ही चाहिए और यह हमारी परंपरा रही है। कानून किसी भी धर्म, जाति, मत और मजहब के खिलाफ नहीं है। इससे एक भी भारतीय नागरिक प्रभावित नहीं होगी।
Source: International