सीएए विरोधी प्रदर्शन में मारे गए लोगों के परिजनों से प्रियंका गांधी ने मेरठ में की मुलाकात

मेरठ, चार जनवरी (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को मुजफ्फरनगर के बाद मेरठ में परतापुर स्थित साईं कॉलोनी में पहुंचीं और सीएए विरोधी प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। प्रियंका से मुलाकात के दौरान पीड़ित परिजनों ने कहा कि उन्हें परेशान किया जा रहा है। प्रियंका ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि वो हमेशा उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भी भरोसा दिलाया। पूरे उत्तर प्रदेश में हुई हिंसा के सवाल पर प्रियंका ने कहा, “मैंने राज्यपाल को एक बहुत लंबी चिट्ठी भेजी है। उसमें पूरी डिटेल है। पुलिस ने लोगों को किस तरह से पीटा है। पुलिस ने बच्चों को भी जेल में डाला जो बहुत गलत है।” वहीं पाकिस्तान में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुए पथराव के सवाल पर प्रियंका ने कहा कि जहां-जहां गलत होता है वह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि गलत काम किसी को नहीं करना चाहिए। करीब 30 मिनट तक पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद भारी धक्का-मुक्की के बीच कांग्रेस महासचिव दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। वहीं प्रियंका गांधी के साथ आए सहारनपुर के पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा, “प्रशासन का रवैया ठीक नही है। हमें बार-बार मिलने से रोका जा रहा है।” कांग्रेस महासचिव से मुलाकात करने वालों में शामिल मोहम्मद सलाउद्दीन ने प्रियंका गांधी से न्याय दिलाने का अनुरोध किया। वहीं, एक पीड़ित युवक ने बताया कि कांग्रेस महासचिव ने इंसाफ दिलाने की बात कही और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। युवक ने बताया कि उन्होंने सरकारी नौकरी दिलाने का भी आश्वासन दिया है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *