वोट बैंक के लिए विपक्षी फैला रहे मुसलमानों में भ्रम : बीजेपी

विशेष संवाददाता, ग्रेटर नोएडा

बीजेपी के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने रविवार को सूरजपुर में कहा कि वोट बैंक के लिए विपक्षी पार्टियां मुसलमानों में नागरिकता को लेकर भ्रम फैला रही हैं। मोदी सरकार गांधीजी की मंशा के अनुसार काम कर रही है। गांधीजी चाहते थे कि पड़ोसी देश से प्रताड़ित वहां के हिंदू बिन रुकावट भारत में आकर रहें और यहां की सरकार उनकी मदद करे। विपक्ष के भ्रम को दूर करने के लिए बीजेपी ने रविवार से 15 जनवरी तक चलने वाला व्यापक जन जागरण अभियान शुरू कर दिया। इसके तहत घर-घर जाकर लोगों को नागरिकता संशोधन कानून के बारे में बताया जा रहा है।

विजय बहादुर पाठक ने कहा कि इस अभियान में देशभर में तीन करोड़ परिवारों से संपर्क की योजना है। प्रदेश स्तर से लेकर प्रत्येक जिले तक परिवारों से संपर्क का लक्ष्य दिया गया है। देशभर में 10 लाख कार्यकर्ताओं को इस काम में लगाया गया है। विपक्ष ने नागरिकता को लेकर जो भ्रम फैलाया है, अभियान के तहत उसे दूर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ये नागरिकता देने का कानून है, छीनने का नहीं है। मुसलमानों में यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि इससे उनकी नागरिकता छीन ली जाएगी। ये भी झूठ बोला जा रहा है कि इस कानून से भारत के मुस्लिमों को घुसपैठिया बताया जाएगा। इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिला अध्यक्ष विजय भाटी, श्रीचंद शर्मा, दीपक शर्मा, सेवानंद शर्मा, आनंद भाटी, कर्मवीर आर्य, गजेंद्र मावी, रवि जिंदल, सतीश गुलिया, भगवत शर्मा मौजूद रहे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *