नागरिकता कानून : भाजपा का जन जागरण अभियान पूरे मध्यप्रदेश में प्रारंभ

भोपाल, पांच जनवरी (भाषा) संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के बारे में स्थिति साफ करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी का जन जागरण अभियान रविवार से पूरे मध्यप्रदेश में प्रारंभ हुआ। प्रदेश भर में बूथ स्तर पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने घर-घर दस्तक देकर लोगों को सीएए की हकीकत बताई। उन्होंने लोगों से संपर्क कर सीएए के समर्थन में टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल करने की अपील की और सीएए की जानकारी का पत्रक भेंट किया। मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सीएए के समर्थन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश में विकास की बयार ला दी है। यह बात कांग्रेस को हजम नहीं हो रही और वह इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। इसलिए कांग्रेस मोदी सरकार के हर निर्णय का विरोध कर रही है। वहीं, मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने रविवार को भोपाल के अरेरा कॉलोनी में घर-घर जनसंपर्क अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि सीएए को लेकर कांग्रेस और सारे विपक्षी दल दुष्प्रचार कर रहे हैं। जनता को भ्रमित किया जा रहा है। हम घर-घर जनसंपर्क कर सीएए की सच्चाई से जनता को अवगत कराएंगे। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सागर के गढ़ाकोटा के बाजार वार्ड में मुस्लिम परिवारों से संपर्क कर उन्हें सीएए की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस सीएए को लेकर राजनीति से प्रेरित होकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने अल्पसंख्यक युवाओं को सीएए के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा भ्रांति फैलाई जा रही है कि ये कानून मुस्लिम समुदाय के खिलाफ है। जबकि जो इस देश के मुसलमान हैं उनके लिए इस कानून में कोई चर्चा या चिंता का उल्लेख नहीं हैं। कांग्रेस सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में इस कानून का भी विरोध कर रही है। इंदौर में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन तथा प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ पार्टी नेताओं ने घर-घर संपर्क किया।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *