
सीएम के नाम डीएम को ज्ञापन देकर की एसएसपी को न्याय दिलाने की मांग
विशेष संवाददाता, ग्रेटर नोएडा
अश्लील विडियो वायरल होने के मामले में शहर के कई संगठन सोमवार को एसएसपी वैभव कृष्ण के समर्थन में उतर आए। गोल्डन फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए, एक्टिव सिटीजन टीम और भारतीय किसान यूनियन ने सीएम के नाम डीएम को ज्ञापन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और एसएसपी को न्याय दिलाने की मांग की। लोगों ने कहा कि एसएसपी ईमानदार हैं और उनकी रिपोर्ट की जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए।
गोल्डन फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर व महासचिव दीपक भाटी की अगुवाई में संगठन के लोगों ने एसएसपी वैभव कृष्ण से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें शहर के सभी सेक्टरों की आरडब्ल्यूए की ओर से एक समर्थन पत्र सौंपा। सभी लोगों ने एसएसपी को आश्वासन दिया कि शहर की सभी आरडब्ल्यूए उनके साथ खड़ी हैं। जिले की आम जनता भी उनके पक्ष में है। फेडरेशन ने इस संबंध में सीएम और डीजीपी को भी पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि वैभव कृष्ण के कार्यकाल में जिले में अपराध पर अंकुश लगा है। जनता अपने आप को अब पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने वैभव कृष्ण की जिले में सेवा जारी रखने और उनको न्याय दिलाने की मांग की। इस मौके पर शिवमणि रोशा, प्रशांत राठी, दिनेश भाटी और सतीश शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
डीएम को दिया ज्ञापन
भारतीय किसान यूनियन की ओर से डीएम बीएन सिंह को ज्ञापन दिया गया। संगठन की ओर से कहा गया कि कुछ भ्रष्ट लोग एसएसपी की छवि को खराब कर रहे हैं। संगठन उनका सपोर्ट करता है। एक्टिव सिटीजन टीम से हरेंद्र भाटी, अनिल भाटी, जेपीएस रावत, आलोक सिंह सुनील भाटी, योगेंद्र भाटी, योगेश कुमार, राकेश कुमार, अनिल कसाना, आशीष शर्मा, राजेश भाटी और आरएस पुंडीर आदि एलजी गोल चक्कर पर एकत्र होने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को सीएम के नाम ज्ञापन दिया। इसमें भी उन्होंने एसएसपी की कार्यप्रणाली को जिले के लिए अच्छा बताया और दावा किया कि उनके कार्यकाल में जनता सुरक्षित महसूस करती है। उन्हें न्याय दिया जाए।
Source: International