निजी कंपनी का कर्मचारी सड़क पर मृत पाया गया

नोएडा, सात जनवरी (भाषा) गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी का कर्मचारी यहां मंगलवार को हिंडन विहार स्टेडियम के पास सर्विस लेन पर मृत पाया गया। मृतक की कार और अन्य सामान लापता है। पुलिस ने यह जानकारी दी। ग्रेटर नोएडा (पश्चिम) के फिफ्थ एवेन्यू गौर सिटी के निवासी गौरव चंदेल का शव पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि चंदेल का शव हिंडन विहार स्टेडियम के पास सर्विस रोड पर तड़के 4 बजकर 15 मिनट पर पाया गया। चंदेल के सिर पर चोट के निशान थे और उसकी एसयूवी कार घटनास्थल से गायब थी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “चंदेल गुरुग्राम में एक निजी फर्म के लिए काम करता था और पिछली रात जब घटना हुई तब वह घर लौट रहा था।” एक अन्य पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, “उसकी कार ‘किया सेल्टोस’ गायब है। उसका मोबाइल फोन, लैपटॉप और बटुआ भी गायब है।” फेज तीन पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और जांच जारी है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *