सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत, 1 घायल

एनबीटी न्यूज, ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह 2 अलग-अलग हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

पुलिस के अनुसार, मूलरूप से मेरठ के लोहिया गांव का रहने वाले प्रवीन पाल (35) सेक्टर ओमीक्रॉन में परिवार के साथ रहते थे। प्रवीन कासना स्थित एक कंपनी में नौकरी करते थे। गुरुवार को प्रवीन का जन्मदिन था। सुबह के समय प्रवीन ने दोस्तों के एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर जन्मदिन का विडियो बनाकर शेयर किया था। देर शाम वह बाइक से कंपनी से घर लौट रहे थे। सेक्टर सिग्मा-2 गोलचक्कर के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रवीन की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने परिवार को हादसे की सूचना दी है।

ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर

मूलरुप से अमरोहा के रहने वाला फरीद और राहुल हल्द्वानी गांव में किराये के मकान में रहते थे। शुक्रवार सुबह दोनों बाइक से ओमीक्रॉन सेक्टर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने फरीद को मृत घोषित कर दिया। राहुल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *