
– पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटे गए 3 ऑटो व चोरी की 2 बाइक बरामद कीं
– कबाड़ियों के माध्यम से लूटे गए ऑटो और बाइक के पार्ट्स बाजार में बेच देते थे आरोपी
एनबीटी न्यूज, ग्रेटर नोएडा
दादरी कोतवाली पुलिस ने ऑटो और बाइक लूटने वाले गिरोह के 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन लोगों के कब्जे से लूटे गए 3 ऑटो और 2 बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाश ऑटो को किराए पर बुक करके ग्रेटर नोएडा लाते थे। इसके बाद सुनसान जगह पर मौका पाकर चालक से मारपीट कर ऑटो लूट लेते थे। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
एसपी देहात कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ओमीक्रॉन सेक्टर के पास मथुरापुर गोलचक्कर पर देर रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को 2 बाइक पर 3 युवक आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोककर बाइक के कागजात चेक किए, जो वे नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने बाइक चोरी की होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तीनों की पहचान शौकीन निवासी काशीराम कॉलोनी दादरी, नाजिम और गुल मोहम्मद निवासी बिलासपुर दनकौर के रूप में हुई है।
शातिर बदमाश हैं तीनों
गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि वे नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत एनसीआर के अन्य इलाकों से किराए पर ऑटो बुक करके यहां आते थे। मौका पाकर चालक से मारपीट कर रुपये और ऑटो लूट लेते थे। दिल्ली-एनसीआर से बाइक चोरी करके दूसरे जिलों में सस्ते दाम पर बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, ये लोग ऑटो के पार्ट्स को अलग-अलग करके बेचते थे। बाकी का हिस्सा कबाड़ में बेच देते थे। इन लोगों ने बीते साल 14 दिसंबर को पिलखुआ से ऑटो किराए पर लाकर अजायपुर क्षेत्र में चालक से लूटपाट की थी। पुलिस की माने तो इस गैंग में कई कबाड़ी भी शामिल हैं, जो लूटे गए ऑटो व बाइक आदि के पार्ट्स खरीदकर बाजार में बेचते थे। पुलिस ऐसे कबाड़ियों की तलाश कर रही है।
Source: International