हापुड़ के कारोबारी की गुड़गांव में बाहरी बताकर हत्या

वरिष्ठ संवाददाता, गुड़गांव

प्लेसमेंट एजेंसी चलाने वाले हापुड़ के एक युवक की गुड़गांव में मारपीट कर तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। वजह सिर्फ इतनी थी कि वह यहां बेगमपुर खटौला में एक कंपनी में अपनी एजेंसी के जरिए स्टाफ रखवाना चाहते थे। आरोप है कि यहां मौजूद लखमी नाम के व्यक्ति ने उनसे कहा कि तुम बाहर के आदमी हो यहां आकर बिजनेस करोगे, तो हम क्या करेंगे। इसके बाद उन्हें गांव से चले जाने की धमकी देकर कुछ युवकों से हमला करा दिया गया। शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज 3 आरोपितों को शनिवार को अरेस्ट कर लिया है।

गुड़गांव पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत यूपी हापुड़ के गांव बासतपुर निवासी अनुज ने दी है। अनुज ने बताया है कि उनके बड़े भाई राहुल (26) ने करीब 2 साल पहले गुड़गांव के ओल्ड दिल्ली रोड पर प्लेसमेंट एजेंसी ऑफिस खोला था। वह भी भाई के साथ इस काम में जुड़े थे। शुक्रवार शाम को राहुल, अनुज, प्रशांत व धर्मपाल उर्फ बिट्टू मिलकर मारुति ब्रेजा कार में सवार होकर बेगमपुर खटौला गांव पहुंचे। यहां एक कंपनी में अपना स्टाफ रखवाने का कॉन्ट्रैक्ट लेने की बातचीत करने के लिए सभी पहुंचे थे, लेकिन वहां गांव बेगमपुर खटौला का ही लखमी मिला। उससे पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हो चुका है।

Bबात करते ही करने लगा मारपीटB

आरोप है कि लखमी ने कहा कि तुम बाहर के आदमी यहां आकर बिजनेस करोगे। गांव से भाग जाने की धमकी दी गई। इसी दौरान उसके इशारे पर पास ही बैठे 7-8 लोग आए। उन्होंने आते ही ईंट, लोहे की रॉड व डंडे से हमला कर दिया। इसी दौरान एक बदमाश ने राहुल के गले पर बांईं ओर चाकू से वार किया। आरोप है कि लखमी ने अनुज के सिर पर ईंट मारी व अन्य दोनों को भी घायल कर कार में भी ईंट-पत्थर से तोड़-फोड़ की। सभी किसी तरह क्षतिग्रस्त कार में ही गंभीर हालत में राहुल को लेकर पारस हॉस्पिटल जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। आरोप है कि राहुल पर चाकू से हमला करने वाला मोंटू नामक युवक था। बाद में शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एसीपी क्राइम प्रीतपाल सिंह ने बताया कि तीन आरोपितों को गांव बेगमपुर खटौला से ही अरेस्ट किया गया। उनकी पहचान गांव के 37 साल के लख्मी, 25 साल के भंवर सिंह और 20 साल के मोहित के तौर पर हुई। आरोपितों को रविवार को मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। इनसे पूछताछ कर अन्य आरोपितों की तलाश चल रही है।

6 महीने की बेटी ने पिता को ठीक से देखा भी नहीं

मृतक राहुल के छोटे भाई अनुज ने बताया कि बीते करीब 4 साल से गुड़गांव में हंस एंक्लेव में रहकर प्लेसमेंट एजेंसी चला रहे हैं। अपना काम बढ़ाने के लिए दोनों भाई मेहनत करते रहे और कभी किसी से झगड़ा नहीं किया। राहुल की 6 महीने की बेटी है। उसने अभी तक अपने पिता को ठीक से देखा भी नहीं था कि अचानक यह वारदात हो गई। बगैर किसी कारण के भाई की हत्या कर दी गई। बेटी को पिता की शक्ल भी ठीक से याद नहीं रहेगी। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *