मथुरा में सड़क हादसे में दो फुफेरे भाइयों की मौत, दो दोस्त घायल

मथुरा, 12 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने हरियाणा से आ रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक हरियाणा पुलिस का सिपाही था। वह प्रशिक्षण पूरी करने के बाद वृन्दावन में मंदिरों के दर्शन करके फुफेरे भाई और दोस्तों के संग घर लौट रहा था। पुलिस ने घायलों को नयति अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के होडल निवासी दीपक (22) प्रदेश पुलिस में सिपाही था। शुक्रवार को फुफेरे भाई कपिल (24) और दो दोस्तों अभिषेक तथा रोहित के साथ वृन्दावन और गोवर्धन में मंदिरों के दर्शन करके सभी लौट रहे थे। राजमार्ग पर बाजना पुल के पास यह दुर्घटना हुई। चालक ट्रक को लेकर भाग गया। पुलिस ने बताया कि दीपक और कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो को अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *