सभासदों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

एनबीटी न्यूज, मुरादनगर

नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद ही 17 सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सभा कक्ष से बाहर आ गए। वहीं, नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विकास तेवतिया का कहना है कि बैठक में 9 सभासद मौजूद रहे और उनकी मौजूदगी में बोर्ड बैठक बुधवार दोपहर 2:00 बजे परिषद के सभाकक्ष में हुई।

सभासदों का आरोप है कि बोर्ड बैठक शुरू होने के बाद पालिका अध्यक्ष ने महिला सभासदों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें बोर्ड बैठक से जबरन बाहर निकाल दिया। इसके विरोध में नगर पालिका परिषद के 17 सभासद बैठक का बहिष्कार करते हुए कक्ष से बाहर आ गए। सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका परिषद कार्यालय में चल रहे भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी का सभासद विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि बोर्ड बैठक की मिनट्स बुक सभासदों को नहीं दिखाई जाती। मिनट्स बुक की कॉपी मांगने के बाद भी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई जाती। सभासदों का कहना है कि नगर पालिका परिषद की ओर से छोड़े जा रहे टेंडरों में पारदर्शिता होनी चाहिए।

इस दौरान सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पिछले दिनों 22 लाख की कीमत के पौधे लगाए गए थे। आज यह नहीं पता है कि ये पौधे कहां चले गए। उन्होंने फिजूलखर्ची आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले साल 26 जनवरी के नाम पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इस साल भी लाखों रुपये खर्च करने की योजना है। सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मुरादनगर पालिका में चल रहे भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

उधर, नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान ने बताया कि बुधवार को बोर्ड बैठक 2:00 बजे शुरू हुई थी। बैठक में कुछ सभासदों ने उपस्थिति रजिस्टर पर अपने हस्ताक्षर नहीं किए। बोर्ड अध्यक्ष ने उन सभासदों को हस्ताक्षर न करने पर बाहर जाने के लिए कहा। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बोर्ड बैठक में 9 सभासद मौजूद रहे। कोरम पूरा होने के बाद बैठक सुचारू रूप से शुरू हो सकी। इसमें प्रस्ताव पारित किए गए। इसके तहत फैसला लिया गया कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र में खाली पड़े प्लॉट में गंदगी फैलती है तो प्लॉट मालिक पर 2 हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। पालिका क्षेत्र में डेरी चलाने वाले गंदगी फैलाते हैं, उनपर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। एलएमसी की भूमि पर तारबंदी कराने सहित विकास कार्यों को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं।

बोर्ड बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विकास तेवतिया ने की। बोर्ड बैठक में सभासद राकेश गोयल, शिवराज सैनी, सुनीता त्यागी, प्रीति गोस्वामी, पिंकी गोस्वामी, बिंदु त्यागी, मनोज, यामीन, एजाज एवम अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *