बरात में कर रहे थे फायरिंग, पुलिस ने दबोचा

Bएनबीटी न्यूज, मोदीनगर B

निवाड़ी रोड पर मेरठ से आई बरात में डांस करते समय तमंचे लहराना व हर्ष फायरिंग करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूसों के साथ 5 बरातियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली एसएचओ देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि गुरुवार की रात में निवाड़ी रोड पर मुन्नी वाटिका में मेरठ जिले के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव शोभापुर से बरात आई थी, चढ़त के दौरान रात में बराती शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे थे व हवाई फायरिंग कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर निवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी जयप्रकाश उपाध्याय व कोतवाली एसएचओ फोर्स सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर कई बराती जो फायरिंग कर रहे थे, मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपितों की घेराबंदी करके दबोच लिया और उनके पास से तमंचा कारतूस बरामद कर लिया। पुलिस ने गौरव, आदर्श, रवि, सुमित समेत 5 आरोपितों को फायरिंग करने व शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपित शोभापुर गांव (मेरठ) के निवासी बताए गए हैं और उनके पास से एक तमंचा, कारतूस व चाकू बरामद किया है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *