पत्नी को पीट रहा था पति, बुजुर्ग ने रोका तो सिर फोड़ा

Bएनबीटी न्यूज, गाजियाबादB

नंदग्राम में एक युवक को अपनी पत्नी को पीटने से रोकना एक बुजुर्ग को खासा भारी पड़ा। गुस्साए पति ने पत्नी को पीटना छोड़कर अपने साथियों के साथ बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। इस दौरान बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और बीच-बचाव करने आया उनका बेटा भी घायल हो गया। पीड़ित की ओर से इस मामले में सिहानीगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

नंदग्राम के ई-ब्लॉक में रहने वाले शोभाराम शर्मा ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। उनका बेटा विपिन निजी कंपनी में नौकरी करता है। शोभाराम ने बताया कि सोमवार रात वह पड़ोस के 2 लोगों के साथ टहल रहे थे। सामने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाला अज्ञात युवक अपनी पत्नी को पीट रहा था। शोभाराम ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपित नहीं माना। इस कारण वह घर की ओर लौटने लगे। पड़ोसी दूसरी ओर अपने घर चले गए और इसी दौरान आरोपित ने दो साथियों के साथ मिलकर शोभाराम पर हमला कर दिया। आवाज सुन विपिन बचाने की कोशिश करने लगे। इसी बीच लाठी-डंडे लेकर 6-7 लोग और आ गए और शोभाराम के सिर में डंडा मार दिया। इंस्पेक्टर सिहानीगेट गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *