
एस, रबूपुरा: क्षेत्र के सिरौली बांगर गांव में 2 भाइयों ने एक महिला व उनके 3 बच्चों के साथ मारपीट की है। महिला का आरोप है कि रबूपुरा पुलिस से शिकायत के बावजूद मारपीट करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से घटना की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने बुधवार को दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सिरौली बांगर गांव निवासी विनोद की पत्नी सत्यवती का आरोप है कि गत 28 सितंबर की शाम को वह अपने अहाते से घर आ रही थीं। साथ में उनके बच्चे मनोज, राखी व सरिता भी थे। बच्चे आपस में हंसी मजाक कर रहे थे। आरोप है कि रास्ते में एक मकान की छत पर खड़ी युवती ने बच्चों की हंसी को खुद का मजाक उड़ाना समझ लिया और अपने परिवार को इसकी जानकारी की। आरोप है कि युवती की शिकायत पर उसका भाई मौके पर पहुंचा और बच्चों के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर युवती का दूसरा भाई भी वहां आ गया और गालीगलौज करते हुए महिला व उसके बच्चों के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद भी रबूपुरा पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने बुधवार को संदीप व रामेश्वर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Source: International