‘संघ के संविधान पर चल रही सरकार’

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा की

विस,गाजियाबाद : कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग कर शनिवार को दिल्ली में होने वाली भारत बचाओ रैली की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने दावा किया कि यह रैली ऐतिहासिक साबित होगी और इसके बाद देश-प्रदेश से जनविरोधी मोदी सरकार समाप्त होना तय हो जाएगा। इस दौरान मीडिया से लल्लू ने कहा कि केंद्र सरकार देश को भीमराव आंबेडकर के लिखे संविधान के बजाय संघ के संविधान से चलाने का प्रयास कर विभिन्न धर्मों के लोगों में वैमनस्य पैदा करने का प्रयास कर रही है।

जिला कांग्रेस ऑफिस में प्रदेशाध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत का संविधान किसी जाति और धर्म में भेदभाव नहीं, बल्कि समानता का अधिकार देता है, जबकि सरकार इससे उलट कार्य कर रही है। संशोधित नागरिकता कानून का इसका प्रमाण है। उन्होंने देश में बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था को लेकर भी सरकार को कोसा। इस दौरान प्रभारी जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना, महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज, पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल, प्रीति तिवारी, सतीश त्यागी, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *