नागरिकता कानून: भारी सुरक्षा के बीच प्रयागराज में लगातार दूसरे दिन हुए विरोध प्रदर्शन

प्रयागराज
नागरिकता संशोधन कानून लागू किए जाने के बाद शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी संगम नगरी प्रयागराज में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी रहा। प्रयागराज में चौक स्थित जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों ने जमकर नारेबाजी की और इसे काला कानून बताते हुए वापस लेने की भी मांग की।

मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की। जामा मस्जिद से शहर काजी की अपील के बाद लोग चौक इलाके से आगे बढ़ गए, लेकिन घरों में वापस नहीं लौटे। लोगों की भीड़ शाहगंज कोतवाली से होते हुए अटाला पहुंच गयी। जहां एक बार फिर से मौजूद लोगों ने नागरिक संहिता कानून के खिलाफ नारेबाजी की। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे डीएम और एसएसपी ने मोर्चा संभाला।

सिविल लाइंस में प्रदर्शन
दोनों अधिकारियों ने सड़क पर उतरकर माइक हाथ में थाम लिया और लोगों से घरों में जाने की अपील की। हालांकि, पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़कर हजारों की भीड़ सिविल लाइन तक पहुंच गई। लोगों ने सिविल लाइन के सुभाष चौराहे पर ही सीएए के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच नमाज का समय होने पर लोगों ने पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में सड़क पर ही नमाज भी पढ़ी।

नाबालिगों को आगे रखकर हुए प्रदर्शन
जुलूस की खास बात यह रही कि, इसमें बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चे भी शामिल थे जिन्हें आगे रखा गया था। बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन सुभाष चौराहे पर सिविल पुलिस, पीएसी के साथ ही बड़ी संख्या में आरएएफ को भी तैनात कर दिया था। लोगों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुभाष चौराहे पर वज्र वाहन के साथ ही वाटर कैनन भी तैनान किया गया था। देर शाम पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों के समझाने बुझाने के बाद लोग अपने घरों को लौट गए।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *