आगजनी के बाद बुलंदशहर में इंटरनेट सेवाओं पर रोक

बुलंदशहर, 20 दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने एक पुलिस वाहन को जला दिया जिसके बाद जिले में शुक्रवार को इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कहा कि यह आदेश सोशल मीडिया पर अफवाह और गलत जानकारी फैलने से रोकने के लिए दिया गया है। आदेश में उन्होंने कहा, “कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द को बरकरार रखने के लिए पूरे बुलंदशहर में सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को 20 दिसंबर को अपराह्न तीन बजे से बंद किया जा रहा है। इंटरनेट संबंधित लूप लाइन और लीज लाइन सेवाओं को भी बंद कर दिया गया है।” पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बुलंदशहर में शुक्रवार दोपहर को पुलिस के एक वाहन में आग लगा दी गई। इस घटना में कोई पुलिसकर्मी अथवा नागरिक हताहत नहीं हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषा से कहा, “ पुलिस का वाहन खड़ा किया गया था जिसमें कोई नहीं बैठा था। वाहन को प्रदर्शनकारियों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया। कोई पुलिसकर्मी या नागरिक घायल नहीं हुआ। हम हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *