
नगर संवाददाता, गाजियाबाद
पीएम आवास योजना में 2 महिलाओं से फॉर्म भरवाकर दलाल के ठगने के मामले में मसूरी थाने में केस दर्ज कराया गया है। एक युवक पर आवास योजना में ढाई लाख का अनुदान दिलाने के नाम पर 2 महिलाओं से 5-5 हजार रुपये लेने का आरोप है। पीओ डूडा पीके शर्मा के मुताबिक आरोपी युवक का नाम रुद्र सिंह बताया जा रहा है।
डासना के आकाशनगर निवासी 2 महिलाओं ने नगर निगम स्थित डूडा विभाग में सोमवार को काफी हंगामा किया था। उनका आरोप था कि प्रधानमंत्री आवास योजना में ढाई लाख रुपये का अनुदान लेने के लिए आवेदन किया, लेकिन आवेदन फॉर्म दलालों के हाथ में चले गए। इनमें से एक दलाल उनके घर पहुंचा और अनुदान राशि जल्द दिलाने के नाम पर 5-5 हजार रुपये की रिश्वत ली। इसके बावजूद अनुदान राशि नहीं मिल सकी। इससे नाराज महिलाओं ने पहले सोमवार को डूडा कार्यालय में हंगामा किया, इसके बाद जिलाधिकारी से शिकायत की। जिलाधिकारी ने उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। मंगलवार के एनबीटी के अंक में इस संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद डूडा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
परियोजना अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। इसके अलावा यह जांच भी कराई जा रही है कि डूडा कार्यालय से आवेदन पत्र दलालों तक कैसे पहुंचे। किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उस पर भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
Source: International