संपत्ति के लिए दामाद ने सास पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

विकास पाठक, वाराणसी
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बुधवार को में दामाद ने पेट्रोल डालकर सास को जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर अवस्‍था में सास को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी दामाद की तलाश में जुटी है। महिला को बचाने की कोशिश में एक ट्रॉली मैन भी बुरी तरह से झुलस गया है।

जानकारी के मुताबिक, मानस नगर इलाके में रहने वाली 60 वर्षीया पूनम से उसके बड़े दामाद उमापति झा का मकान को अपने नाम करने को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह भी विवाद हुआ। इस दौरान दामाद ने बाइक से पेट्रोल निकाल सास पर उड़लने के बाद आग लगा दी। बुजुर्ग पूनम जलती हालत में जान बचाने के लिए घर के बाहर भागी तो दामाद ने फिर पेट्रोल डाल दिया। इस दौरान गैस सिलेंडर लेकर ट्रॉली चालक ने अपनी जान पर खेल कंबल और पानी डाल किसी तरह आग बुझाई। महिला को बचाने में ट्रॉली मैन भी झुलस गया।

65 पर्सेंट जल चुकी है महिला
घटना के समय पूनम के पति नरेंद्र लाल और छोटी बेटी देवांशी घर पर ही थी। सबकुछ इतनी तेजी से हुआ से कोई कुछ समझ नहीं पाया। इसके पहले कि दामाद पकड़ा जाता, वह मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन और स्‍थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रूप से जली पूनम को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्‍टरों ने बताया कि 65 फीसदी जल जाने के बाद महिला की हालत गंभीर है।

बुजुर्ग महिला के पति नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि सबसे बड़ी बेटी प्रीति ने बीएचयू में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2011 में बिहार के रहने वाले उमाकांत झा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दामाद मकान अपने नाम करने के लिए दबाव डालने लगा। विवाद से बचने के लिए नरेंद्र ने बेटी के नाम आधा मकान कर दिया था। बाद में आरोपी उमाकांत मकान का बाकी हिस्‍सा और पैसा भी अपने नाम करने को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि इस बात को लेकर दो सप्‍ताह पहले भी आरोपी ने आग लगाकर जलाने का प्रयास किया लेकिन उस समय घर में रखा कुछ सामान ही जला था। अब आरोपी ने सास पर पेट्रोल डाल आग लगा दी।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *